कासगंज। थाना सिढ़पुरा क्षेत्र में रविवार की शाम को एक तेज रफ्तार कार ने एक किशोर को रौंद दिया। इससे किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस व ग्रामीण उसे लेकर अस्पताल आए। यहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया गया।
सिढ़पुरा-गंजडुंडवारा मार्ग पर कलानी गांव के पास राधारानी ईंट भट्ठा पर बिहार के मजदूर ठहरे हुए हैं। इनमें एक मजदूर विखल निवासी गया बौद्ध गया बिहार का पुत्र अनिल (15) भट्ठे के पास ही शाम को करीब साढ़े छह बजे सड़क किनारे कहीं जा रहा था। इसी दौरान उसे एक अज्ञात तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना होते देख स्थानीय लोग मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस व परिजन घायल किशोर को लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां डॉक्टर ने परीक्षण के बाद किशोर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।