आगरा में रंगजी हाइट्स में एक किशोरी ने छठवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। यहां वह एक घर में रहकर दो बच्चों की देखभाल का काम करती थी। घरवालों ने मालकिन पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
उत्तर प्रदेश के आगरा में बुधवार की रात एक किशोरी ने छठवीं मंजिल से छलांग लगा दी। नीचे गिरकर उसकी मौत हो गई। आवाज सुनकर गार्ड व अन्य लोग भागकर पहुंचे। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
मामला न्यू आगरा थाना क्षेत्र के नगला बूढ़ी का है। यहां के निवासी जूता कारीगर की नाबालिग बेटी कैलाश विहार स्थित रंगजी हाइट्स में सिमी आनंद के फ्लैट में दो बच्चों की देखभाल करती थी। पुलिस ने बताया कि अकेली रहने वाली 62 वर्षीय सिमी आनंद की बेटी और दामाद पंजाब में जॉब करते हैं। बेटी के दो साल और दस साल के बेटे नानी के यहां रहते हैं।
तेज आवाज सुन गार्ड और अन्य लोग भागकर पहुंचे
सिमी आनंद ने अपनी देखभाल के लिए एक घरेलू सहायिका कविता (मेड) को रखा हुआ है, जबकि बच्चों को गोविंद की बेटी संभालती थी। शाम तकरीबन सात बजे किशोरी ने बालकनी से नीचे छलांग लगा दी। तेज आवाज को सुनकर गार्ड और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। अपार्टमेंट के लोग अपने फ्लैटों से बाहर निकल आए, लेकिन तब तक सलोनी की मौत हो चुकी थी।
जाल काटकर लगाई छलांग
सूचना पर पुलिस पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। एसआई हरीश शर्मा छानबीन के लिए मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बालकनी में मोटे धागे वाला जाल लगा था। ताकि कोई बच्चा रेलिंग पर चढ़ने के बाद नीचे नहीं गिर जाए। किशोरी ने जाल काटकर नीचे छलांग लगाई थी।
पहले ईंट से तोड़ा मोबाइल
पुलिस ने फ्लैट में काम करने वाली सहायिका कविता से पूछताछ की। उसने पुलिस को बताया कि किशोरी पहले नीचे गई थी। वह काफी गुस्से में थी। उसने ईंट से पहला अपना मोबाइल तोड़ा। मोबाइल तोड़ने वाली घटना सीसीटीवी में कैद है। उसके बाद वह ऊपर आई। कुछ देर बाद बालकनी से नीचे छलांग लगा दी। कविता ने पुलिस को बताया कि उसका कोई दोस्त था, जिसे लेकर उसके घर पर विवाद हुआ था। पुलिस इस बात की जांच कर रही है।