घर-घर जाकर टीमें खोजेंगी कुष्ठ रोगी
आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिया गया प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी के सभागार में शनिवार को कुष्ठ रोगी खोजी अभियान के तहत आशाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया। सीएमओ डॉ. आरसी गुप्ता के निर्देश पर डॉ विजेंद्र सिंह जिला कुष्ठ रोग अधिकारी ने बताया कि यह अभियान पोलियो की तर्ज पर चलेगा। इसमें टीमें घर-घर जाकर कुष्ठ रोगियों को खोजेंगी।
नोडल अधिकारी ने बताया कि जिले में 21 दिसंबर से चार जनवरी तक कुष्ठ रोगी खोजी अभियान चलेगा। जिले में अभियान की सफलता के लिए 2301 टीमें बनाई गई हैं। इनके सुपरविजन करने के लिए 460 सुपरवाइजर लगाए गए हैं। प्रत्येक टीम में एक महिला और एक पुरुष होगा जब टीम घर में भ्रमण करने जाएगी तो महिला कर्मी महिला की जांच करेगी और पुरुष कर्मी पुरुष की जांच करेगा। पांच टीमों पर एक सुपरवाइजर होगा जो पांचों टीमों का मूल्यांकन करेगा और अपनी रिपोर्ट के साथ सांय की मीटिंग में प्रतिभाग करेगा।
नोडल अधिकारी ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध मिलता है तो उस व्यक्ति को रेफर स्लिप दी जाएगी वह व्यक्ति जिला कुष्ठ कार्यालय में आएगा वहां उसकी जांच की जाएगी और अगर उस व्यक्ति में कुष्ठ रोग की पुष्टि होती है तो उस मरीज को तत्काल एमडीटी देकर उपचार आरंभ कर दिया जाएगा। सीएमओ ने बताया कि अभी तक जिले में 82 मरीजों का उपचार चल रहा है वर्ष 2027 तक सरकार इस बीमारी को समाप्त करना चाहती है बीमारी को समाप्त करने में हम सबकी भूमिका अहम है। प्रशिक्षण में रविंद्र सिंह गौर,राजेश सक्सेना, विजय सिंह आदि मौजूद थे।