वाराणसी मंडल और अयोध्या छात्रावास की टीमें फाइनल में पहुंचीं
आगरा। एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेली जा रही प्रदेशीय सब जूनियर बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन सोमवार को सेमीफाइनल और क्वार्टर फाइनल के रोमांचक मैच खेले गए। अपनी शानदार सर्विस और स्मैश के दम पर वाराणसी मंडल और अयोध्या छात्रावास की टीम फाइनल में पहुंचीं।
प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मैच वाराणसी मंडल और स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर के बीच खेला गया। वाराणसी ने गोरखपुर को 25-14, 25-14, 29-27 के अंतर से शिकस्त दी। दूसरे सेमीफाइनल में अयोध्या छात्रावास का मुकाबला प्रयागराज मंडल से हुआ। अयोध्या की टीम ने प्रयागराज को लगातार तीन सेटों में 25-19, 25-22, 25-22 से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया।
इससे पूर्व खेले गए क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर ने लखनऊ मंडल को 25-7, 25-7 से हराया। अयोध्या छात्रावास ने आजमगढ़ मंडल को 25-3, 25-10 से रौंदा। वाराणसी मंडल ने झांसी मंडल को 25-5, 25-12 से हरया। प्रयागराज मंडल ने अलीगढ़ मंडल के खिलाफ 26-24, 25-13 से जीत दर्ज की।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मंगलवार सुबह 9 बजे वाराणसी मंडल और अयोध्या छात्रावास के बीच खेला जाएगा। समापन समारोह के मुख्य अतिथि एत्मादपुर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे। निर्णायक फूलचंद्र गुप्ता, संतोष पटेल, निर्भय प्रताप सिंह, रामकुमार, ज्ञानेंद्र कुमार सहित 12 रेफरी टीम का विशेष योगदान रहा। इस दौरान संघ के महासचिव सुनील तिवारी, पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी (एयर फोर्स) विजय कुमार और रमेश भदौरिया मौजूद रहे।