आगरा। प्रशासनिक प्रशिक्षण के तहत प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों के 10 सदस्यीय दल ने सोमवार को नगर निगम एवं आगरा स्मार्ट सिटी मुख्यालय का दौरा किया।
इस दौरान नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने प्रशिक्षु अधिकारियों को शहर में संचालित विकास कार्यों, स्वच्छता प्रबंधन, कर व्यवस्था, जल निकासी, जनसुविधाओं और शहरी व्यवस्थाओं के संचालन की विस्तृत जानकारी दी। इसके अलावा स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत शहर में किए जा रहे प्रमुख कार्यों और तकनीक आधारित शहरी प्रबंधन प्रणाली के बारे में भी बताया। यह भी बताया गया कि किस प्रकार आधुनिक तकनीक के माध्यम से शहर की यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, निगरानी और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। दल ने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) का भी भ्रमण किया।