मैनपुरी में संयुक्त संघर्ष संचालन समिति के बैनर तले पांचवें व अंतिम चरण में पुरानी पेंशन बहाली के लिए करहल व घिरोर ब्लॉक के सैकड़ों शिक्षकों ने जुलूस निकाला। इसके बाद कलक्ट्रेट पहुंचकर गिरफ्तारी दी। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बुढ़ापे की लाठी को पाने के लिए हम लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाकर ही रहेंगे।
पुरानी पेंशन बहाली के लिए शिक्षक आंदोलन की राह पर हैं। प्रदर्शन व धरने के बाद अब जेल भरो आंदोलन चलाया जा रहा है। इसके तहत मंगलवार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ. कमलेश यादव व जिला ऑडिटर अवलेंद्र कुमार के संयुक्त नेतृत्व में जेल भरो आंदोलन के तहत शिक्षकों ने गिरफ्तारियां दी।
इससे पूर्व उन्होंने जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसमें 240 शिक्षकों और 78 शिक्षिकाओं को मिलाकर कुल 318 शिक्षकों ने गिरफ्तारी दी। इसके बाद उपजिलाधिकारी सदर ने निजी मुचलके पर रिहा किया।