कासगंज। आगरा विश्वविद्यालय से वर्ष 2004-05 में बीएड करने के बाद बने शिक्षकों पर बर्खास्तगी की उलटी गिनती शुरू हो चुकी हैं। विभाग ने अब तक 80 शिक्षकों के नोटिस तैयार कर लिए हैं। एक दो दिन में सभी शिक्षकों के नोटिस तैयार होने की उम्मीद है। अपने उपर सेवा समाप्ति की तलवार लटकी देख शिक्षकों में खलबली मची हुई है।
जिले में वर्ष 2004-05 में बीएड करने वाले 92 शिक्षक एसआईटी की सूची से मिलान हो जाने के बाद विभाग ने इनको नोटिस जारी करके पक्ष जाना। शिक्षकों ने जो नोटिस दिया उससे विभाग संतुष्ट नहीं हुआ। विभाग ने इन शिक्षकों पर कार्रवाई करने के लिए शासन से दिशा निर्देश मांगे। अन्य जनपदों में बड़ी संख्या में शिक्षकों की सेवाएं समाप्त हो चुकी हैं, जिससे जनपद के शिक्षकों पर भी ऐसी ही कार्रवाई की तलवार लटकी हुई थी। शासन से हरी झंडी मिल जानेे के बाद शिक्षा विभाग ने इन शिक्षकों की सेवाओं को समाप्त करने के लिए अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। विभाग शिक्षकों द्वारा दिए गए जवाब के आधार पर नोटिस तैयार करा रहा है। अब तक विभाग 80 शिक्षकों के नोटिस तैयार करा चुका है। 12 शिक्षकों के नोटिस तैयार होना ही शेष रह गए है। इन नोटिसों के एक दो दिन में तैयार होने की उम्मीद है।
17 शिक्षकों की सेवाएं हो चुकी हैं समाप्त
कासगंज। जनपद में शिक्षकों की नियुक्ति में कई बार फर्जीवाड़ा हुआ। वर्ष 2010 में 6 शिक्षकों जबकि 2011 में 11 शिक्षकों की नियुक्ति फर्जी पाई गई। इसके बाद इन शिक्षकों की सेवाएं समाप्त कर दी गई।
एसआईटी की सूची से मिलाने होने वाले शिक्षकों की सेवाएं समाप्त होनी है। शिक्षकों के दिए गए जवाब के आधार पर विभाग नोटिस तैयार करा रहा है। जल्द ही सभी नोटिस तैयार हो जाएंगे। इसके बाद शिक्षकों को नोटिस जारी हो जाएंगे। अंजली अग्रवाल बेसिक शिक्षा अधिकारी