आगरा। मघटई स्थित अवंतीबाई लोधी क्रिकेट स्टेडियम में बृहस्पतिवार को पीसीएल (प्रोफेशनल क्रिकेट लीग) सीजन-3 का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन दिवस पर खेले गए दोनों मुकाबलों में दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट मैच देखने को मिला। टीचर्स क्रिकेट क्लब और बीपीओ इलेवन ने जीत दर्ज की। आयोजक आशु यादव ने बताया कि पहला मुकाबला टीचर्स क्रिकेट क्लब और एलाइट इलेवन के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टीचर्स क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 20 ओवर में 224 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। मोहित पांडे ने शानदार 75 रन और प्रीतेश राजपूत ने 50 रनों की उपयोगी पारी खेली। एलाइट इलेवन की ओर से दीपक अग्रवाल ने दो विकेट हासिल किए। वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी एलाइट इलेवन की टीम 20 ओवर में 124 रन ही बना सकी। शुभम सिंह ने सर्वाधिक 30 रन बनाए। टीचर्स क्रिकेट क्लब की ओर से कप्तान दुबे सर ने चार विकेट, जबकि अजय यादव ने दो विकेट लेकर टीम को बड़ी जीत दिलाई।
वहीं, दूसरा मुकाबला बीपीओ इलेवन और एजुकेशन हब के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एजुकेशन हब ने 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 165 रन बनाए। सौरभ चौधरी ने 75 रन और पवन सिकरवार ने 21 रनों का योगदान दिया। 166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीपीओ इलेवन ने 17.3 ओवर में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। उत्कर्ष ने 57 रन और महेंद्र ने 37 रनों की अहम पारी खेली। शानदार प्रदर्शन के लिए शाहिद को मैन ऑफ द मैच चुना गया।