मैनपुरी। परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों को अंतर्जनपदीय स्थानांतरण का अवसर मिल ही गया। जिले से 223 शिक्षक बाहरी जनपद के लिए स्थानांतरित किए गए हैं, जबकि 280 शिक्षक स्थानांतरित होकर गृह जनपद में आए हैं। शिक्षकों की रिलीविंग और ज्वाइनिंग कार्रवाई शुरू हो गई है।
परिषदीय स्कूलों में शिक्षण कार्य कर रहे 300 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बाहरी जनपदों में जाने के लिए आवेदन किया था। 223 शिक्षकों का आवेदन सही मानते हुए विभाग ने उनका स्थानांतरण कर दिया। 77 आवेदन निरस्त कर दिए गए। बाहरी जनपद में तैनात 280 शिक्षक स्थानांतरण के बाद जिले में भेजे गए।
शासन के निर्देश पर जनपद से बाहर जाने वाले शिक्षकों को सोमवार को रिलीव करने का कार्य शुरू कर दिया गया। वहीं बाहरी जनपद से जिले में आने वाले शिक्षकों को शासन ने चार और पांच फरवरी को विद्यालय आवंटित किए जाने के निर्देश दिए हैं।
नहीं आ सके थे शिक्षक-शिक्षिकाएं
वर्ष 2019 में स्थानांतरण प्रक्रिया के दौरान विभागीय भूल के चलते जिले में एक भी पद रिक्त नहीं दिखाया गया था। जिसके चलते जनपद के बाहर तैनात जनपद के निवासी शिक्षक- शिक्षिकाओं को जनपद में आने का मौका नहीं मिल सका था। इस बार बाहरी जनपद में तैनात शिक्षक-शिक्षिकाओं को अपने गृह जनपद में आने का मौका मिला।
पूर्व में स्थानांतरण लेने वालों के आवेदन हुए निरस्त
जिन शिक्षक- शिक्षिकाओं ने पूर्व में स्थानांतरण का लाभ लिया था। उनके आवेदन निरस्त कर दिए गए। जनपद में 77 आवेदन निरस्त हुए। इसी प्रकार जिले के निवासी जो शिक्षक-शिक्षिकाएं पूर्व में जिले में जगह न होने के कारण निकटवर्ती जनपद में स्थानांतरण कराके लाए थे उनके आवेदन भी निरस्त किए गए।
वर्जन
शासन ने ऑनलाइन स्थानांतरण प्रकिया पूर्ण की है। जिले में कार्यरत 223 शिक्षकों को बाहर भेजा गया है जबकि बाहरी जनपदों से जिले के लिए 280 शिक्षकों को भेजा गया है। जाने वाले शिक्षकों की रिलीविंग और आने वालों को ज्वाइनिंग की तैयारियां चल रही हैं। विजय प्रताप सिंह, बीएसए