एटा। कोतवाली नगर में एक बैंककर्मी ने शिक्षक पर साढ़े छह लाख रुपये हड़पने का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित दिल्ली स्थित एक बैंक में कार्यरत है और एटा में क्रिकेट एकेडमी चलाता है।
बैंककर्मी हिमांशु अग्रवाल निवासी आवास विकास कॉलोनी ने एसएसपी के आदेश पर बुधवार को शिक्षक राजीव कुमार उर्फ हैप्पी निवासी आंबेडकरनगर के खिलाफ मुकदमा लिखाया है। बताया कि मकान निर्माण के लिए शिक्षक ने झांसे में लेकर वर्ष 2018 में रकम ली थी। रकम वापस करने के लिए कई बार संपर्क किया गया तो पहले आश्वासन देते रहे, बाद में इन्कार कर दिया। पीड़ित ने बताया कि वह एक्सिस बैंक दिल्ली में सेल्स ऑफीसर हैं। आगरा रोड स्थित एक विद्यालय में क्रिकेट एकेडमी भी चलती है। शिक्षक अच्छे क्रिकेट खिलाड़ी हैं, यहीं पर उनसे मुलाकात हुई थी। पूर्व में भी लेनदेन हुआ था तो रकम वापस कर दी थी। इसके चलते झांसे में लेकर फिर साढ़े छह लाख रुपये ले लिए। कोतवाली नगर प्रभारी सुधीर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, मामले की जांच की जा रही है।