मैनपुरी। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधि मंडल ने बृहस्पतिवार को बीएसए से मुलाकात की। बीएसए को प्रतिनिधि मंडल ने शिक्षकों की नौ सूत्री समस्याओं का ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों की समस्याओं का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने बीएसए को दिए ज्ञापन में बताया कि नव नियुक्ति शिक्षकों और अंतर्जनपदीय स्थानांतरण के तहत जिले में आने वाले शिक्षकों का वेतन भुगतान वरीयता से किया जाए। विद्यालयों में रिक्त प्रधानाध्यापकों के पदों को पदोन्नति से भरा जाए। अध्यापकों के अवशेष देयकों का सामूहिक रूप से फरवरी में ही भुगतान कराया जाए। बाल्य देखभाल अवकाश महिलाओं को समय से दिए जाएं।
विद्यालय के बिजली कनेक्शन का भुगतान विभाग ही करे। ग्राम प्रधान और सचिव द्वारा विद्यालयों में कायाकल्प के तहत कराए गए कार्यों का हिसाब प्रधानाध्यापक से न मांगा जाए। बीएसए से मिलने वालों में जिलाध्यक्ष प्रणवीर सिंह यादव, जिला मंत्री राजेश पांडेय, जिला महिला उपाध्यक्ष अनुपम सिंह, विकास यादव, अवनींद्र चौहान आदि मौजूद रहे।