एसआर नंबर के नाम पर शिक्षक ने मांगे 500 रुपये
-गोला बाजार निवासी छात्र ने कोतवाली में दी तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। कचहरी रोड स्थित एक इंटर कॉलेज से 10वीं की परीक्षा पास करने के बाद छात्र जब टीसी लेने गया। तो उस से सीरियल रजिस्टर (एसआर) नंबर देने के नाम पर 500 रुपये की मांग की गई। पीड़ित छात्र ने शिक्षक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर टीसी दिलाने और कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के गोला बाजार निवासी अंकुर पाल ने बताया कि इस वर्ष उसने 10वीं की परीक्षा पास की है। वह स्कूल से टीसी लेने गया तो उसे नहीं दी गई। कई बार स्कूल के चक्कर काटे लेकिन सफलता नहीं मिली। छात्र ने बताया कि कचहरी रोड स्थित इंटर कॉलेज में जब स्कूल में पूछा तो बताया गया कि क्लास टीचर से एसआर नंबर लेकर आओ। जब वह शिक्षक से एसआर नंबर लेने गया तो उस से 500 रुपये की मांग की गई। जिस कारण से उसे टीसी नहीं मिल सकी। परेशान छात्र ने बुधवार को कोतवाली में तहरीर देकर टीसी दिलवाने और रुपये मांगने वाले शिक्षक पर कार्रवाई की मांग की है।