मैनपुरी। जल शक्ति अभियान के तहत बरनाहल में जल संरक्षण के लिए लगातार प्रयास किसा जा रहा है। इसके तहत गांवों में लगे सभी सबमर्सिबल हटवाने के निर्देश दिए गए थे। इसमें लापरवाही करने पर डीएम के आदेश पर 17 ग्राम प्रधान और सचिवों को नोटिस जारी किया गया है। इससे प्रधान और सचिवों में खलबली मच गई है।
केंद्र सरकार की ओर से जल संरक्षण के लिए शुरू किए गए जलशक्ति अभियान के तहत सबसे पहले बरनाहल ब्लाक में कार्य कराए जा रहे हैं। केंद्र सरकार से आई तीन सदस्यीय टीम ने निरीक्षण के दौरान सभी गांवों में सबमर्सिबल हटवाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद भी ब्लाक की 17 ग्राम पंचायतों में सबमर्सिबल नहीं हटवाए गए।
13 अगस्त को जब टीम निरीक्षण के लिए पहुंची तो इस पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई के आदेश दिए। इसके बाद डीएम के आदेश पर ग्राम प्रधान और सचिवों को नोटिस जारी किया गया है। अगर दो दिन में सबमर्सिबल नहीं हटे तो ग्राम प्रधान के अधिकार सीज कर सचिवों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
नोटिस मिलने के बाद प्रधान और सचिवों में खलबली मच गई है। नोटिस मिलने वाली ग्राम पंचायतों में प्रहलादपुर, कसौली, अब्दुल नवीपुर, सजावारपुर, सोथरा, नौरमई, फूलापुर, डालूपुर, खुशालपुर, इकहरा, जैतपुर, सुनूपुर, कुम्हेरी, बिरथुआ, सैयदपुर केहरी और दिहुली शामिल हैं।
सभी प्रधान और सचिवों को सबमर्सिबल हटवाने के आदेश दिए थे, लेकिन इसके बाद भी लापरवाही की गई। जिलाधिकारी के आदेश पर 17 प्रधान और सचिवों को नोटिस जारी किया गया है। -स्वामीदीन, डीपीआरओ।