फिरोजाबाद की बेटी ऐश्वर्या चतुर्वेदी ने अमेरिका में शहर का नाम रोशन किया है। इस वर्ष अमेरिका में आयोजित इंटरनेशनल यंग लीडर्स एसेंबली (आईवाईएलए) के अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में ऐश्वर्या चतुर्वेदी को ग्लोबल एंबेसडर के रूप में आमंत्रित किया। यह सम्मेलन एक से 10 अगस्त तक हुआ था। ऐश्वर्या को आईवाईएलए का ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर भी नियुक्त किया है।
स्टेशन रोड निवासी पूर्व पालिकाध्यक्ष अशोक चतुर्वेदी की पौत्री ऐश्वर्या चतुर्वेदी को इस कॉन्फ्रेंस के दौरान विश्व बैंक मुख्यालय वाशिंगटन डीसी, अमेरिकन सीनेट, कैपिटल हिल, अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट, स्टेट डिपार्टमेंट (विदेश मंत्रालय), फिलाडेल्फिया में नेशनल कॉन्स्टीट्यूशन सेंटर, न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र संघ के मुख्यालय आदि में कॉन्फ्रेंस के सेशनों में भारत के प्रतिनिधि और वक्ता के रूप में भाग लेने का मौका मिला।
इस कॉन्फ्रेंस में छोटे शहर में बच्चों की पढ़ाई और उनके सर्वांगीण विकास के लिए ऐश्वर्या के प्रयासों के लिए उनकी प्रशंसा हुई और प्रमाणपत्र भी मिले। ऐश्वर्या को आईवाईएलए का ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर भी नियुक्त किया गया। ऐश्वर्या के पिता कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अतुल चतुर्वेदी और मां रचना चतुर्वेदी ने बेटी की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की है।
ऐश्वर्या स्वयंसेवी संस्था के माध्यम से छोटे बच्चों की पढ़ाई, उनके सर्वांगीण विकास और उनके पर्सनैलिटी डेवेलपमेंट के लिए काम कर रही हैं। वो दिल्ली हाईकोर्ट में अधिवक्ता भी हैं। पिछले साल अंतरर्राष्ट्रीय संस्था ग्लोबल पीस फाउंडेशन ने अफ्रीकी देश युगांडा की राजधानी कंपाला में हुए अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में प्रतिनिधि व विशेष वक़्ता के रूप में ऐश्वर्या को आमंत्रित किया गया था।