चुनाव में छोटी से छोटी सूचना गंभीरता से लें
पुलिस लाइन में परेड की सलामी के बाद एसपी ने दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। लोकसभा चुनाव है, हर छोटी से छोटी सूचना को गंभीरता से लें। किसी भी सूचना को हल्के में न लें। यूपी 112 पर तैनात कर्मी सूचना प्राप्त होने के साथ ही निर्धारित स्थान के लिए रवाना हों। शुक्रवार को यह बातें पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी के बाद कहीं। विभागीय शाखाओं का निरीक्षण करने के साथ ही आवश्यक निर्देश दिए।
एसपी विनोद कुमार ने परेड की सलामी के बाद परिवहन शाखा का निरीक्षण किया। इस दौरान वाहनों के रखरखाव और सही समय पर डीजल आदि उपलब्ध कराए जाने के निर्देश दिए। एसपी ने चुनाव कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कहा कि सभी पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी को गंभीरता से निभाएं। छूटी बड़ी सूचनाओं का आदान-प्रदान होते रहना चाहिए। मांगी गई सूचनाएं समय पर भेजें, इसके साथ ही चुनाव संबंधी सभी सूचनाएं प्रतिदिन अपडेट होनी चाहिए। प्रतिदिन का ड्यूटी चार्ट भी उच्चाधिकारियों की निगरानी में हो। एसपी ने कहा कि लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। इसलिए किसी भी सूचना को हल्के में न लें। एसपी ने कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और शहर में लगे विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी देखे। कर्मियों से कहा कि 24 घंटे निगरानी रखें। इस मौके पर सीओ करहल संतोष कुमार सिंह, आरआई मौजूद रहे।