पुलिस कंट्रोल रूम पर एक कॉल आई और ताजमहल में दहशत पसर गई। दो घंटे तक सैलानी खौफ में रहे। पूर्वी और पश्चिमी गेट को बंद करके पुलिस ने दक्षिणी गेट से सैलानियों को बाहर निकाला। ताजमहल को खाली कराने के बाद सघन चेकिंग कराई गई। 11:30 बजे पुलिस अधिकारी जब यह कहते हुए बाहर निकले कि डरने की कोई बात नहीं है, तब सबकी जान में जान आई।
जिस समय ताज को खाली कराया, अंदर 600 सैलानी थे। बाहर हजारों की संख्या में थे। कोई गाड़ी पार्क कर रहा था तो कोई टिकट ले रहा था। इन्हें जैसे ही ताज खाली कराए जाने की सूचना मिली, ये दूर चले गए। दो घंटे की सघन चेकिंग के बाद ताजमहल को पर्यटकों के लिए खोला गया।