पुलिस कंट्रोल रूम पर सुबह 10:00 बजे पुलिस को एक व्यक्ति ने ताज महल के अंदर बम रखे होने की सूचना दी। इसकी जानकारी से हड़कंप मच गया। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद फोर्स के साथ पहुंच गए। बीडीएस की दो टीमों को बुला लिया गया है। सीआईएसएफ कमांडेंट को भी जानकारी दी गई है। ताज महल के अंदर मौजूद पर्यटकों को बाहर निकाला गया। इस दौरान चेकिंग भी की गई और करीब 1 घंटे तक ताजमहल के चप्पे-चप्पे में तलाशी की गई।
पर्यटकों के लिए खुला ताज
सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ताजमहल को फिर से 11: 23 बजे खोल दिया गया। बम होने की फर्जी सूचना देने वाले की पहचान फिरोजाबाद जनपद में हुई है। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि युवक विमल को पकड़ लिया है उससे पूछताछ की जा रही है। आईजी रेंज आगरा ए सतीश गणेश ने बताया कि ताजमहल पर फर्जी सूचना देने वाले युवक विमल को पकड़ा है और उससे पूछताछ की है। युवक की मानसिक स्थिति के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।