ताज : अंदर वीआईपी विजिट, बाहर पर्यटक बेहाल
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
गुयाना के प्रधानमंत्री मोस नागामुट्टू परिवार के साथ शनिवार को ताजमहल का दीदार करने आगरा आए। वह एक घंटे तक ताजमहल में रहे और खूबसूरती की प्रशंसा की। संगमरमरी ताज को देखकर वह और उनका परिवार तो वाह ताज बोला लेकिन उनकी विजिट के कारण हजारों पर्यटकों को परेशान होना पड़ा। ताजमहल को आम पर्यटकों के लिए सुबह 10:15 से 12:15 बजे तक बंद कर दिया गया था। टिकट विंडो 9:15 बजे ही बंद हो गई। ऐसे में बुजुर्ग और बच्चों को तेज धूप में ताजमहल के गेट के बाहर तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा।
गुयाना के प्रधानमंत्री परिवार के साथ ताजमहल पहुंचे और एक घंटे तक दीदार किया। सेंट्रल टैंक पर डायना सीट पर बैठकर उन्होंने परिवार के साथ फोटो खिंचवाए। एएसआई की विजिटर बुक में उन्होंने ताज की प्रशंसा में काफी कुछ लिखा। जिस समय वह ताज का दीदार कर रहे थे, उसी समय हजारों सैलानी ताजमहल के गेट के बाहर कड़ी धूप में अंदर प्रवेश करने के इंतजार में परेशान हो रहेथे। सुबह 9:15 बजे ही ताजमहल के तीनों टिकट विंडो बंद कर देने से गतिमान एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस और ताज एक्सप्रेस के साथ यमुना एक्सप्रेस वे से आए सैलानियों को ताजमहल में प्रवेश के लिए 12:30 बजे तक इंतजार करना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत हुई बच्चों और बुजुर्गों को। पश्चिमी गेट पर पर्यटक छांव की तलाश में रहे और कई तो फुटपाथ पर ही इंतजार करते हुए लेट गए। पश्चिमी गेट पर नीम तिराहे तक टिकट की कतार और प्रवेश के लिए खान ए आलम तक पर्यटकों की कतार लगी रही। गेट खुलने के बाद कई सैलनियों की भीड़ में जेब कट गई तो कई का सामान गायब हो गया। पर्यटन पुलिस व्यवस्थाओं में लगी, लेकिन भीड़ के चलते अव्यवस्थाएं ही हावी रहीं। यही हाल पूर्वी और दक्षिणी गेट का भी रहा।
वीआईपी नहीं, टीआईपी (टेरेबल इंपोर्टेड पर्सन)
ताजमहल पर वीआईपी दौरे के कारण पर्यटकों के कई ग्रुप बिना ताज देखे लौट गए। पूर्वी गेट पर पाठक प्रेस से आगे तक, पश्चिमी गेट पर नीम तिराहे से आगे तक और दक्षिणी गेट पर पुलिस थाने तक की लंबी कतारों को देख कई विदेशी ग्रुप ताज देखने की जगह वापस होटल चले गए। विदेशी मेहमानों को पता चला कि ताज वीआईपी के कारण बंद है तो उन्होंने कमेंट कर इन्हें वीआईपी नहीं, बल्कि टीआईपी यानी टेरेबल इंपोर्टेड पर्सन करार दिया।