बिल्लोचपुरी स्टेशन पर खड़ी ताज एक्सप्रेस
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली से आगरा कैंट जा रही ताज एक्सप्रेस का इंजन बिल्लोचपुरा स्टेशन पर फेल हो गया। इस कारण आगरा-दिल्ली रूट की छह गाड़ियां प्रभावित हुईं। काफी संख्या में यात्री बिल्लोचपुरा पर ही ट्रेन से उतर गए। तकरीबन डेढ़ घंटे बाद गाड़ी को दूसरा इंजन लगाकर आगरा कैंट रवाना किया जा सका।
घटना शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे की है। ताज एक्सप्रेस रुनकता को पार करके बिल्लोचपुरा स्टेशन तक पहंची तभी गाड़ी के इंजन में तकनीकी खामी आ गई। लोको पायलट ने गाड़ी को वहीं रोक दिया।
जानकारी कंट्रोल रूम को दी गई। आगरा कैंट से इंजीनियरिंग टीम भेजी गई। उन्होंने प्रयास किया लेकिन खामी दुरुस्त नहीं हो सकी। ऐसे में दूसरा इंजन मंगवाया गया और गाड़ी आगे भेजी गई। 11:45 बजे तक गाड़ी बिल्लोचपुरा स्टेशन पर खड़ी रही।
इस बीच हमसफर एक्सप्रेस, समता एक्सप्रेस, आद्या तूफान एक्सप्रेस, मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस समेत छह ट्रेनें एक से डेढ़ घंटे तक की देरी से आगरा कैंट पहुंच सकीं। आगरा रेल मंडल के वाणिज्य प्रबंधक डॉ. संचित त्यागी ने बताया कि इंजन फेल होने से ताज एक्सप्रेस एक घंटे तक खड़ी रही। इससे तीन ट्रेनें प्रभावित हुईं।