आगरा के चंबल का बीहड़, ऊबड़-खाबड़ रास्ता, जगह-जगह कीचड़ और धूल के गुबार के बीच से निकलतीं तेज रफ्तार कारें। यह सब नजर आया ‘द ताज कार एंड बाइक रैली’ के पहले दिन। रैली में 50 कारें और 75 मोटर साइकिलें बाह और फतेहाबाद में चंबल के बीहड़ से होकर निकलीं। रफ्तार के रोमांच के बीच राह की मुश्किलों को वाहन चालकों ने तय समय में तय रफ्तार से पूरा किया।
ताज महोत्सव के तहत रैली को शनिवार को होटल क्लार्क्स शिराज से मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर नवीन कुमार, लेफ्टिनेंट कर्नल मोहित शर्मा, संरक्षक हरविजय वाहिया, चेयरमैन राम मोहन कपूर, डॉ. रंजना बंसल ने झंडी दिखाकर रवाना किया।
बाह-फतेहाबाद के बीहड़ों में 75 मोटर साइकिलें और 50 कारों में सवार 125 चालकों और नेविगेटर्स ने रैली में दिए गए लक्ष्य को पूरा किया। इसमें प्रदेश के साथ महाराष्ट्र, दक्षिण भारत, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल आदि राज्यों के प्रतिभागी मौजूद रहे।
ब्रिगेडियर नवीन कुमार ने कहा कि रफ्तार का रोमांच महसूस करने देशभर के राइडर आए हैं। रैली सैलानियों को भी आकर्षित करती है। बृज क्षेत्र के अनूठे रास्तों, क्षेत्रों को रैली पहचान दिला रही है। मोटर स्पोर्ट क्लब चेयरमैन राममोहन कपूर ने बताया कि यह आठवां आयोजन है। हर साल दायरा बढ़ रहा है। जाने-माने राइडर रैली में हिस्सा लेने आ रहे हैं। आपसी तालमेल के साथ सहयोग सीखा जा सकता है।
आज मलपुरा से होगी रवाना
संरक्षक हरविजय वाहिया ने बताया कि रैली के दूसरे दिन रविवार को सुबह छह बजे मलपुरा ड्रॉपिंग जोन से फतेहपुर सीकरी, जोधपुर झाल, यमुना पार, गजौली घाट, पीपा पुल के लिए वाहन रवाना होंगे। सभी चालक दोपहर तक वापस आएंगे और होटल क्लार्क्स शिराज में आयोजित होने वाले पुरस्कार वितरण समारोह में भाग लेंगे। विजेताओं को 2,50,000 रुपये तक की धनराशि प्रदान की जाएगी। रैली में प्रवीन सिकरवार, बिलाल अहमद, अभिनंदन शर्मा, विवेक, सुखवीर आदि भी चले।
मुश्किल सफर पर डिगा न हौसला
कार-बाइक रैली में पहले दिन 200 किमी की दूरी तय की गई। मुश्किल रास्ते, कीचड़, ऊंची-नीची सड़कें, घुमावदार गलियों के कठिन रास्तों पर भी प्रतिभागियों का हौसला कमजोर नहीं हुआ। लखनऊ से आईं महिला राइडर खुशबू और नव्या ने बताया कि रास्ता मुश्किल जरूर था लेकिन उत्साह उतना ही जबरदस्त था। कीचड़, धूल, भूलभुलैया जैसी गलियों ने धैर्य के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।