आगरा। लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम स्थित तरणताल में आयोजित छठवीं प्रदेशस्तरीय फिन स्विमिंग चैंपियनशिप में आगरा के खिलाड़ियों ने जिले का मान बढ़ाया। टीम ने 20 स्वर्ण, 5 रजत और 2 कांस्य समेत कुल 27 पदक अपने नाम किए।
जिला फिन स्विमिंग संघ के सचिव राजेश गुप्ता ने बताया कि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए आगरा से कुल 14 खिलाड़ियों का चयन हुआ था। इनमें से 10 ने पदक जीते। पदक जीतने वालों में रन बहादुर सिंह (वी4) ने दो स्वर्ण पदक, कुमकुम गुप्ता (वी2) ने दो स्वर्ण पदक और अमर अवस्थी (वी1) ने चार स्वर्ण पदक जीते।
गोविंद कुमार (वी0) ने एक स्वर्ण और एक रजत, रुद्राक्षी राठौर (सीनियर ए) ने तीन स्वर्ण और एक रजत, अभिषेक कुमार (सीनियर ए) ने दो स्वर्ण और दो रजत, प्रशास्ति राठौर (जूनियर बी) ने चार स्वर्ण, उदय बंसल (जूनियर सी) ने एक रजत और एक कांस्य, शानवी यादव (जूनियर डी) ने दो स्वर्ण व रुद्रांश (जूनियर एफ) ने एक कांस्य पदक जीता। संघ के अध्यक्ष उमेश शर्मा ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को इस उपलब्धि पर बधाई दी।