घंटाघर पर मिठाई की दुकान पर रंग बिरंगी मिठाई खरीदते ग्राहक ।संवाद
- फोटो : ETAH
एटा। दीपावली के त्योहार पर गली-मुहल्लों और तिराहे-चौराहों पर रंग-बिरंगी मिठाइयों की दुकान सज गई हैं। आम लोगों को ये भले ही आकर्षित करें, लेकिन इनका सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। चिकित्सकों का कहना है कि ऐसी मिठाइयों में कुछ दुकानदार केमिकल युक्त रंगों का इस्तेमाल करते हैं, जो सेहत के लिए हानिकारक है। उनकी सलाह है कि ऐसी मिठाइयां न खाएं। इन्हें खाने से पेट दर्द, उल्टी, दस्त, डायरिया आदि होने की आशंका रहती है।
दीपावली पर मिठाई की मांग ज्यादा होने से दुकानदार 10-15 दिन पहले से ही मिठाई बनाकर उसका भंडारण कर लेते हैं। ग्राहकों को आकर्षित करने को मिठाइयों में केमिकल युक्त रंग और चमकीले बर्क का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में इन मिठाइयों के खाने से स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. चैतन्य चौहान का कहना है कि त्योहार पर लोग रंग-बिरंगी मिठाइयों के सेवन से बचें। इनके खाने से उल्टी, दस्त, पेट में दर्द और फूड प्वाइजनिंग होने की आशंका बनी रहती है। यदि ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सक को दिखाएं।