कुरावली (मैनपुरी)। नगर के सदर बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को निलंबित प्रधानाध्यापक और शिक्षिकाओं के बीच विवाद हो गया। शिक्षिकाओं ने प्रधानाचार्य पर हाथापाई का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। खंड शिक्षाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस ने आरोपी प्रधानाध्यापक को हिरासत में लिया है।
मंगलवार को सदर बाजार स्थित प्राथमिक विद्यालय में मिड डे मील के राशन का वितरण एवं प्रेरणा पोर्टल पर बच्चों का डाटा फीट करने का कार्य शिक्षिकाओं की ओर से किया जा रहा था। आरोप है कि सुबह करीब साढ़े आठ बजे निलंबित प्रधानाध्यापक प्रेमचंद्र विद्यालय पहुंच गए। उन्होंने कार्य में हस्तक्षेप किया, इसका शिक्षिकाओं ने विरोध किया। आरोप है इसी बात पर शिक्षिका शबाहत जमाल सहित अन्य शिक्षिकाओं के साथ प्रधानाध्यापक ने गाली-गलौज करते हुए हाथापाई की।
शिक्षिका शबाहत जमाल, लक्ष्मी, कोमल, रागिनी, पूजा, प्रियंका ने खुद को कमरे में बंद कर मामले की जानकारी विभागीय अधिकारियों और पुलिस को दी। जानकारी पर थाना पुलिस और खंड शिक्षा अधिकारी सुमित कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने आरोपी प्रधानाध्यापक को हिरासत में लिया है। प्रधानाध्यापक ने हाथापाई की घटना से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि आरोप निराधार हैं।
तहरीर मिली है इसके आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने प्रधानाध्यापक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
-देवेंद्र नाथ मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक