मैनपुरी। नवीन मंडी प्रशासन ने देयकों के भुगतान में लापरवाही व समय से अभिलेख उपलब्ध न कराने पर मंडी सचिव ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 65 आढ़तियों पर फसल की खरीद और प्रेषण पर रोक लगा दी है। मंडी निरीक्षक को आदेश का पालन कराने के लिए पत्र जारी किया गया है। साथ ही आढ़तियों को भी नोटिस भेजा है।
शहर के आगरा रोड स्थित नवीन मंडी में पांच सौ से अधिक आढ़ती व्यापार करते हैं। इन्हें बीते पांच सालों में दुकानों का आवंटन किया गया था। इनमें से सौ से अधिक आढ़तियों ने अब तक दुकानों के प्रीमियम का पूरा भुगतान नहीं किया। कई बार इसके लिए नोटिस भी जारी किए गए, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इस पर ही मंडी प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। दुकानों का प्रीमियम व अन्य देयकों का भुगतान न करने पर मंडी प्रशासन ने 65 आढ़ती चिह्नित किए हैं।
इन आढ़तियों ने न केवल भुगतान रोका है, बल्कि जुलाई 2020 से 6-आर रसीद प्रपत्र भी उपलब्ध नहीं कराया है। कई बार नोटिस के बाद भी सुधार न होने पर मंडी सचिव नवीन कुमार कोहली ने इन आढ़तियों पर खरीद, बिक्री और खरीदे हुए माल के प्रेषण पर रोक लगा दी है। प्रतिबंध के दौरान आढ़ती फसलों की खरीद और उसे मंडी के बाहर न भेजें, इसके लिए मंडी निरीक्षकों और प्रभारी मंडी गेट को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
---
ये होती है 6-आर रसीद
कृषि उपज की बिक्री पर किसान को आढ़ती की ओर से 6-आर रसीद दी जाती है। ये रसीद कृषि उपज से होने वाली आय का प्रमाण है। इस आय पर किसानों को आयकर नहीं देना पड़ता है। आढ़तियों को ये रसीद मंडी समिति जारी करती है। रसीद किसके नाम और कितनी धनराशि की काटी गई इसके लिए प्रपत्र भरकर दोबारा मंडी समिति को लौटाना पड़ता है।
---
25 आढ़तियों के लाइसेंस हो चुके हैं निलंबित
मंडी शुल्क व दुकानों का बकाया प्रीमियम न देने पर अब तक 25 आढ़तियों के लाइसेंस निलंबित हो चुके हैं। इसमें से 20 लाइसेंस बकाया भुगतान न करने और पांच लाइसेंस चेक बाउंस होने के चलते निलंबित किए गए हैं। मंडी सचिव की संस्तुति पर सभापति/एसडीएम सदर ऋषिराज ने ये कार्रवाई की थी।
---
वर्जन
देयकों का भुगतान न करने और 6-आर रसीद प्रपत्र उपलब्ध न कराने पर 65 आढ़तियों के खरीद और माल भेजने पर रोक लगाई गई है। देयकों के संपूर्ण भुगतान व प्रपत्र उपलब्ध कराने तक ये आढ़ती मंडी में खरीद नहीं कर सकेंगे।
नवीन कुमार कोहली, मंडी सचिव।