आगरा। सदर थाना क्षेत्र के शहीद नगर में हेलमेट लगाकर स्कूटर से आए युवक ने कांग्रेस नेता के भाई की दूर से फोटो खींची और भाग गया। अक्तूबर, 2025 में कांग्रेस नेता और उनके भाई पर हत्या की नीयत से गोली चलाई गई थी। इससे उन्होंने वारदात के लिए आरोपियों पर जानकारी जुटाने का शक जताते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मूलरूप से बासौनी के उमरैठा और वर्तमान में एकता थाना के ट्विन टावर अपार्टमेंट निवासी उमाशंकर उपाध्याय ने बताया कि गांव में जमीन से संबंधित मामले में वह पीड़ित पक्ष की मदद करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे गांव का सतानंद उर्फ बबलू (वर्तमान में भोले बाबा होम्स निवासी) उनसे रंजिश रखता है। 28 अक्तूबर 2025 को गांव में एक सगाई कार्यक्रम से लौटते समय गेट पर ही आरोपी सतानंद, रामलखन उर्फ गोलू और तीन अन्य ने गोली चलाकर जानलेवा हमला किया था। वह और भाई घायल हुए थे।
कांग्रेस नेता का कहना है कि सतानंद को पुलिस अब तक नहीं पकड़ सकी है। जबकि उसके घर पर कुर्की का नोटिस भी चस्पा हो चुका है। वह लगातार लोगों से उन्हें और उनके भाई को जान से मारने के बाद जेल जाने की बात कह रहा है। 22 फरवरी को सुबह लगभग 10:33 बजे उनके भाई शिवशंकर शहीद नगर के रतन प्लाजा स्थित उनकी दुकान सिल्क ट्री टेक्सटाइल्स में सफाई कर रहे थे। तभी बिना नंबर की स्कूटर से हेलमेट पहने एक युवक आया और स्कूटी रोक कर भाई की फोटो खींचकर भाग गया। सीसीटीवी में उसकी हरकत रिकॉर्ड हुई है।
उमाशंकर ने आरोप लगाया है कि सतानंद ही दोनों भाइयों की हत्या करने के उद्देश्य से दोनों के बारे में जानकारी जुटा रहा है। थाना प्रभारी का कहना है कि अज्ञात स्कूटर सवार और सतानंद पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।