संवाद न्यूज एजेंसी
वृंदावन। संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम श्रीहित राधा केलिकुंज के बाहर समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। शनिवार को लापता बच्चों के परिजन की आवाज दबाने के लिए अभद्रता और धक्कामुक्की की गई। विरोध करने पहुंचीं साध्वी से भी खींचतान का आरोप है। मीडियाकर्मियों से भी धक्कामुक्की हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है।
शनिवार सुबह रमणरेती स्थित आश्रम के गेट पर लापता बच्चों के परिजन पहुंचे थे। महाराष्ट्र से अपने बेटे की तलाश में आई श्रद्धालु महिला उज्ज्वला अपनी व्यथा लोगों को बता रही थीं। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ समर्थकों ने उन्हें बोलने से रोक दिया। उनका आरोप है कि उनके साथ अभद्रता की गई और मारपीट का प्रयास किया गया। किसी तरह महिला और अन्य लोग वहां से निकले।
इसी बीच लापता बच्चों के परिजनों के समर्थन में साध्वी इंदुलेखा भी मौके पर पहुंची गईं। आरोप है कि वहां मौजूद कुछ महिलाओं और युवकों ने उनके साथ खींचतान की और झकझोर दिया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद मीडियाकर्मियों से भी धक्कामुक्की की गई। इस दाैरान वराह घाट क्षेत्र में परिवार के साथ रह रहे युवक सार्थक ने कहा कि संत प्रेमानंद महाराज के बारे में लोग यहां आकर गलत बातें कर रहे हैं। उन पर आरोप लगा रहे हैं, जिन्हें बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संत ने हजारों लोगों की जिंदगी संवार दी है।
-
तीन के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई
सीओ संदीप सिंह ने बताया कि आश्रम के बाहर झगड़े और हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। अनावश्यक रूप से हंगामा करने के आरोप में सचिन, अशोक और दिगंबर को पकड़ लिया गया। पूछताछ के बाद तीनों के विरुद्ध शांतिभंग के मामले में कार्रवाई की गई है।