रेलवे ने गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए विभिन्न रूटों पर कई स्पेशल ट्रेनों के संचालन और कुछ ट्रेनों की अवधि विस्तार का निर्णय लिया है। इनमें से खातीपुरा–हावड़ा और भगत की कोठी–दानापुर स्पेशल ट्रेनों का ईदगाह, अछनेरा और टूंडला स्टेशनों पर ठहराव होगा, जिससे स्थानीय यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा, जबकि अन्य ट्रेनों से भी लंबी दूरी की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
रेलवे की जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि गाड़ी संख्या 09709-09710 खातीपुरा–हावड़ा–खातीपुरा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 7 अप्रैल से 30 जून तक खातीपुरा से प्रत्येक मंगलवार को और 8 अप्रैल से 01 जुलाई तक हावड़ा से प्रत्येक बुधवार को चलाई जाएगी। इस ट्रेन का ठहराव अछनेरा, ईदगाह और टूंडला स्टेशनों पर होगा। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04813- 04814 भगत की कोठी–दानापुर–भगत की कोठी स्पेशल ट्रेन बुधवार 8 अप्रैल से 15 जुलाई तक और 9 अप्रैल से 16 जुलाई तक बृहस्पतिवार को संचालित होगी, जिसका ठहराव भी ईदगाह और टूंडला जंक्शन पर रहेगा।
उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 06579-06580 यशवंतपुर–दानापुर–बेंगलुरू कैंट स्पेशल 20 अप्रैल को यशवंतपुर से और 23 अप्रैल को दानापुर से एक-एक फेरा लगाएगी। गाड़ी संख्या 01705-01706 जबलपुर–अयोध्या धाम–जबलपुर साप्ताहिक स्पेशल 21 अप्रैल से 14 जुलाई तक जबलपुर से प्रत्येक मंगलवार और 22 अप्रैल से 15 जुलाई तक अयोध्या धाम से प्रत्येक बुधवार को संचालित होगी। इसके अलावा गाड़ी संख्या 09033-09034 उधना–मालदा टाउन–उधना स्पेशल अप्रैल से जुलाई के बीच निर्धारित तिथियों पर कुल 16-16 फेरे लगाएगी।
जनसंपर्क अधिकारी ने यह भी बताया कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए गाड़ी संख्या 07337-07338 हुबली–गाजीपुर सिटी–हुबली और 07315-07316 हुबली–मुजफ्फरपुर–हुबली स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि में भी विस्तार किया गया है, जिससे अधिक यात्रियों को लाभ मिल सकेगा।