टूंडला (फिरोजाबाद)। एक माह पूर्व थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव घुरकुंआ निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए वीडियो वायरल करते हुए आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में वीडियो वायरल होने के बाद से ही पुलिस मृतक की पत्नी की तलाश में जुटी रही। शनिवार को पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
विगत छह मार्च को राजेश पुत्र शिवनारायन निवासी घुरकुंआ ने धीरपुरा गैस प्लांट के पास जंगल में शीशम के पेड़ पर लटक कर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या करने से पूर्व युवक ने एक वीडियो बनाया था जिसमें उसने आत्महत्या के लिए अपनी पत्नी पुष्पा देवी को जिम्मेदार ठहराया था। इस संबंध में मृतक के पिता शिवनारायन पुत्र शैतान सिंह ने पुत्रवधू पुष्पादेेवी के खिलाफ अभियोग दर्ज कराया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आरोपी पुष्पादेवी की तलाश शुरू कर दी। शनिवार सुबह पुलिस ने पुष्पादेेवी पुत्री राजबहादुर निवासी लहरा थाना सोरों, जनपद कासगंज को उसकी बहन लीलादेवी के मकान घुरकुंआ से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
युवक को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में मृतक युवक की पत्नी पुष्पादेवी फरार चल रही थी। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। - देवेन्द्र कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी, टूंडला।