सिर दर्द और घबराहट को नजरअंदाज न करें। थोड़ी से देरी जानलेवा बन सकती है। न्यूरोसर्जन डॉ. मयंक अग्रवाल ने बताया कि अगर किसी मरीज के रक्तचाप सुबह-शाम मापने पर रक्तचाप 110/160 तक है तो चिकित्सक से परामर्श जरूर कर लें।
एकाएक सिर में तेज दर्द, घबराहट और रक्तचाप बढ़ा हुआ है। इसमें देरी जानलेवा बन सकती है। ऐसी स्थिति में लकवा का खतरा सबसे ज्यादा है। ऐसे में तत्काल चिकित्सक को दिखाएं। एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में ठंड में लकवा के मरीजों की संख्या तीन गुना तक बढ़ गई है। कई मरीज ऐसे रहे, जिन्हाेंने इन लक्षणों में डॉक्टरों को दिखाने में देरी की। चिकित्सकों का कहना है कि वायु प्रदूषण के चलते और ठंड में नस सिकड़ने से रक्तसंचार प्रभावित होता है। रक्तचाप बढ़ जाए तो मरीज लकवाग्रस्त हो सकता है। खासकर उच्च रक्तचाप के मरीजों में इसका खतरा ज्यादा है।
विज्ञापन
दो बार में रक्तचाप बढ़ा तो डॉक्टर से लें परामर्श
एसएन मेडिकल कॉलेज के न्यूरोसर्जन डॉ. मयंक अग्रवाल ने बताया कि रक्तचाप बढ़ने से लकवा के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। अगर किसी मरीज के रक्तचाप सुबह-शाम मापने पर रक्तचाप 110/160 तक है तो चिकित्सक से परामर्श जरूर कर लें। खासकर मधुमेह, किडनी और हृदय रोग से पीड़ितों के लिए खतरा बढ़ जाता है।
इन बातों का रखें ध्यान:
- धूम्रपान और शराब से बचें। पौष्टिक भोजन लें।
- रक्तचाप-मधुमेह का स्तर नियंत्रित रखें।
- उच्च रक्तचाप मरीज दिन में दो बार बीपी मांपें।
- बीपी की दवाएं कतई बंद न करें, शाम को जरूर खाएं।