दन्नाहार (मैनपुरी)। नगला सकरी में दहेज उत्पीड़न से परेशान महिला ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। ससुरालीजनों ने मायके पक्ष के विरोध के बाद भी शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतका की मां ने बेटी के पति, ससुर व जेठ के विरुद्ध दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
थाना एलाऊ क्षेत्र के गांव अजीतगंज निवासी गंगा सिंह ने करीब नौ वर्ष पूर्व 29 वर्षीय पुत्री राधा की शादी थाना क्षेत्र के नगला सकरी निवासी मुनेश चंद्र के साथ की थी। मायके वालों के अनुसार 21 जुलाई को बेटी के ससुरालीजनों ने फोन कर बताया कि राधा ने खुदकुशी कर ली है। जब मायके पक्ष के लोग नगला सकरी पहुंचे तो शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे।
मृतका की मां ज्ञानवती व अन्य परिजनों ने इसका विरोध किया, लेकिन ससुरालीजन नहीं माने और शव को जला दिया। उक्त मामले में मां ज्ञानवती की ओर से थाने में तहरीर दी कि बेटी का पति मुनेश चंद्र, ससुर रामौतार और जेठ ब्रजेश शादी के कुछ समय बाद से अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए बेटी को प्रताड़ित करते आ रहे थे। कई बार समाज के लोगों द्वारा पंचायत भी कराई गई, लेकिन ससुरालीजन ने मांग करना बंद नहीं किया। इस बीच राधा तीन बच्चों की मां बन चुकी थी। 21 जुलाई को तंग आकर बेटी ने खुदकुशी कर ली। प्रभारी निरीक्षक ओमहरि वाजपेई ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। दोषियों के विरुद्ध पुलिस कार्रवाई करेगी।