10एमएनपी-08-बिजली कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद जांच करती फोरेंसिक टीम
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। विद्युत सुरक्षा निदेशालय के मैनपुरी कार्यालय में तैनात आशु लिपिक का शव बुधवार की सुबह कार्यालय परिसर स्थित कमरे में मिला। एएसपी के नेतृत्व में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। फौरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्रित किए। मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
लखनऊ के राजा का पुरम निवासी 45 वर्षीय महेश कुमार रावत करीब डेढ़ वर्ष पूर्व अलीगढ़ से तबादला होकर जनपद स्थिति विद्युत सुरक्षा निदेशालय के कार्यालय में आशु लिपिक के पद पर आए थे। करीब एक माह पूर्व पेट्रोल पंप के पास स्थित मकान में स्थित कार्यालय के नीचे एक कमरे में किराए पर रहने लगे थे। पुलिस के अनुसार बुधवार की सुबह महेश ने अपने सहकर्मी को फोन कर खाना लाने के लिए कहा था। करीब 10:30 बजे जब वह खाना लेकर घर पहुंचा तो कमरे में चारपाई के नीचे महेश की लाश पड़ी देखी।
सूचना मिलने के बाद एएसपी ओमप्रकाश सिंह, सीओ सिटी अभय नरायण राय पुलिस के साथ जांच करने पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर फौरेंसिक टीम ने कमरे में जांच करते हुए नमूने एकत्रित किए। अधिकारियों ने खाना लाने वाले कर्मचारी से भी जानकारी ली गई। मृतक के शरीर पर चोट के कोई निशान नजर नहीं आ रहे थे। मौत का कारण जानने के लिए पुलिस ने क्लर्क का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
साथी क्लर्क को बताई थी तबियत खराब होने की बात
मौके पर जांच के दौरान साथी कर्मी बाबू ने बताया कि पहली बार सुबह महेश कुमार ने फोन कर पानी मंगाया था। करीब 8:30 दोबारा फोन आया तो तबियत खराब होने की बात कहते हुए बुखार की दवा मंगाई। जब वह करीब 10:30 बजे कमरे पर पहुंचा तो दरवाजा बंद था। फोन भी नहीं मिल रहा था। जब अंदर जाकर देखा तो शव जमीन पर पड़ा हुआ था।
क्लर्क का शव उनके कमरे में बरामद हुआ। मौत कैसे हुई इसकी सही जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
ओमप्रकाश सिंह, एएसपी