कासगंज। अटैची कारोबारी मुकेश की मौत के बाद पूरा परिवार टूट गया है। कारोबारी के बच्चे बेबस नजर आ रहे हैं, वहीं पत्नी सदमे में बार-बार बेहोश हो रही है। चिकित्सकों ने विधवा का उपचार किया, लेकिन वह सदमे से उबर नहीं पा रही है। बेटी निकिता का भी बुरा हाल था। वह अपने मासूम बच्चे को गोद में लेकर दिनभर पिता के फोटो की ओर बार-बार निहार रही है।
बेटी निकिता के ससुरालीजनों के उत्पीड़न से तंग आकर अटैची कारोबारी मुकेश गहलोत ने आत्महत्या कर ली थी। सुसाइड नोट में उन्होंने बेटी के ससुरालीजनों को जिम्मेदार बताया। मुकेश की मौत के बाद उनका पूरा परिवार पूरी तरह से सदमे में आ गया है। बेटी निकिता पर दोहरी मार पड़ी है। एक तो पहले ही ससुरालीजन उसे छोड़ चुके हैं और वहीं ससुरालीजनों के उत्पीड़न से टूटे पिता भी साथ छोड़ गए।
उसका एक मासूम बच्चा आहान है। वह उसे गोद में लिए दिनभर खोई रही। कभी पिता के फोटो को देखकर सिसक रही है तो कभी बेटे के चेहरे की ओर निहार बेबस नजर आ रही है। मुकेश की विधवा ममता पूरी तरह बेसुध है। रविवार से कई वह कई बार बेहोश हो चुकी है। ममता की हालत देख रिश्तेदार भी चिंतित है। चिकित्सकों ने उनका उपचार किया है, लेकिन वह सदमे से बाहर नहीं आ पा रही हैं।
पुलिस पर भी उठ रहे सवाल
कासगंज। मुकेश ने बेटी के ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा एक वर्ष पहले कोतवाली में दर्ज कराया। पुलिस मामले में जांच कर रही थी। मुकेश गहलोत की मौत के बाद उनके परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जिससे परिवार को हर जगह से निराशा दिखाई देने लगी क्योंकि पुलिस संवेदनशील होती और बेटी के ससुरालीजनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई समय रहते कर दी जाती तो परिवार को राहत मिल जाती।
आत्महत्या के मामले की जांच शुरू
कासगंज। मुकेश की मौत के बाद बेटी के ससुरालीजनों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के लिए मामला दर्ज करके जांच पड़ताल शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। साक्ष्य पूरे होते ही पुलिस कार्रवाई करेगी। विवेचक विपिन शर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- कारोबारी के आत्महत्या के मामले को लेकर पुलिस पूरी तरह गंभीर है। आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपियों को जेल भेजा जाएगा। साक्ष्य पूरे होते ही यह कार्रवाई होगी।
- अशोक कुमार शुक्ल, एसपी।