एटा की तहसील सदर स्थित निबंधन कार्यालय में सोमवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने प्रभारी सब रजिस्ट्रार को दो सौ रुपए रिश्वत लेते हुए पकड़ा। प्रभारी सब रजिस्ट्रार ने एक किसान से खेत को बंधन मुक्त कराने के लिए दो सौ रुपए रिश्वत ली थी। मामले में पुलिस ने सब रजिस्ट्रार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
गांव कुसाड़ी निवासी किसान रोहनलाल वर्मा का खेत निबंधन कार्यालय में बंधक था। किसान ने बकाया रकम को जमा करने के बाद प्रभारी सब रजिस्ट्रार प्रमोद सक्सेना से खेत को बंधन मुक्त करने की गुहार लगाई। जिस पर प्रभारी सब रजिस्ट्रार (बाबू) ने किसान से दो सौ रुपए की मांग की। किसान ने जब दो सौ रुपए की रसीद को लेकर सवाल किया, तो प्रभारी सब रजिस्ट्रार ने किसान को भगा दिया।
मायूस किसान ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह तंवर से रिश्वत लिए जाने की शिकायत की। इस पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने अपने पास किसान से दो सौ रुपए प्रभारी सब रजिस्ट्रार को दिलवाए। इसके बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह तंवर और तहसीलदार दुर्गेश यादव ने निबंधन कार्यालय में छापा मारा। छापेमारी के दौरान कार्यालय में हड़कंप मच गया।