आगरा के आवास विकास कालोनी में रास्ते में लटकते तार से घायल हुए बाइक सवार की शिकायत पर दरोगा ने जांच की। इसमें शिकायतकर्ता को ही दोषी ठहरा दिया। रिपोर्ट में लिखा कि बाइक सवार तार को नहीं देख सका। इस कारण हादसे का शिकार हो गया। अब पीड़ित ने जांच अधिकारी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
आवास विकास काॅलोनी के एलआईजी सेक्टर 16 निवासी हाकिम सिंह फार्मा कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि 26 फरवरी की दोपहर दो बजे वह बाइक से जा रहे थे। रास्ते में एक खंभे से तार लटक रहा था। तार में उनकी गर्दन फंस गई। वह बाइक सहित गिर गए। उनके काफी चोट लगी। समय पर तार को ठीक कर दिया जाता तो यह हादसा नहीं होता। केबल लगाने वाले ने लापरवाही की। फिर कभी हादसा न हो, उसके लिए संबंधित के खिलाफ कार्रवाई कराना चाहते थे।
उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। थाना सिकंदरा के एसआई दीपक तिवारी ने जांच की। उन्होंने रिपोर्ट में शिकायतकर्ता को ही दोषी ठहरा दिया। उन्होंने रिपोर्ट में लिखा कि लटके हुए तार को हाकिम देख नहीं पाए। इस वजह से दुर्घटना हो गई। इसमें किसी का कोई दोष नहीं है। इस कारण किसी तरह की पुलिस कार्रवाई की आवश्यकता भी नहीं है। रिपोर्ट देखकर पीड़ित परेशान हैं। वह पुलिस आयुक्त से मामले की शिकायत करेंगे। कहेंगे कि जिस विभाग ने खंभा लगाया, उसके अधिकारियों से जानकारी करनी चाहिए थी। जिस किसी ने केबल लगाई होगी, वो जिम्मेदार होगा। डीसीपी सिटी का कहना है कि मामले में जांच कराई जाएगी।