आगरा। इधर चला मैं उधर चला, जाने कहां मैं किधर चला, अरे फिसल गया, ये तूने क्या किया...। सोशल मीडिया पर शनिवार को इस फिल्मी गीत पर बाइक व स्कूटर सवारों की स्टंट करते हुए रील वायरल हुई। इसमें बाइक पर दो और स्कूटर पर तीन युवक सवार थे। वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस ने दोनों वाहनों के अलग-अलग 37,500 रुपये के चालान किए हैं।
वायरल रील में आरवन-5 बाइक चलाता युवक और उसके पीछे सीट पर उल्टा बैठा उसका साथी नजर आ रहा है। पीछे स्कूटर सवार तीन और युवक भी सड़क पर गाड़ी लहराते हुए चल रहे हैं। युवकों के इस स्टंट का वीडियो पीछे चल रहे किसी व्यक्ति ने बनाया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया। वीडियो की जांच में सामने आया कि यह ताजमहल के पास का है। इसी दाैरान युवकों ने रील बनाई। वाहनों के नंबर से मालिक की पहचान हो गई।
डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार ने बताया कि बाइक बसई के रहने वाले अनुपम के नाम पर है। उसका 18,500 रुपये का चालान किया गया। बाइक का बीमा नहीं था और नंबर प्लेट भी गड़बड़ है। वाहन चालकों ने हेलमेट भी नहीं पहना था। वहीं स्कूटर मालिक आशिक खान है। वह भी बसई का रहने वाला है। उसका 19 हजार रुपये का चालान किया गया। इसमें भी चालक ने हेलमेट नहीं पहना था। तीन सवारी होने के साथ ही बीमा नहीं, गलत नंबर प्लेट सहित अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई। वाहन को भी जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
-
उल्लंघन पर जुर्माना राशि
बाइक - यातायात नियमों का पालन नहीं करना - 2 हजार रुपये
बिना हेलमेट वाहन चलाना - 1 हजार रुपये
सेक्शन 3 या 4 का उल्लंघन कर वाहन चलाना - 5 हजार रुपये
प्रदूषण प्रमाण पत्र न होने पर कार्रवाई - 500 रुपये
गलत नंबर प्लेट - 5 हजार रुपये
एमवी एक्ट - 184 - 5 हजार रुपये
स्कूटी - बिना हेलमेट - 1 हजार रुपये
तीन सवारी - 1 हजार रुपये
सेक्शन 3 या 4 का उल्लंघन कर वाहन चलाना - 5 हजार रुपये
बिना बीमा - 2 हजार रुपये
गलत नंबर प्लेट - 5 हजार रुपये
एमवी एक्ट - 184 - 5 हजार रुपये