आगरा के परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई की योजना को बेसिक शिक्षा विभाग की ढिलाई से पलीता लग रहा है। चालू सत्र में इन विद्यालयों के लिए चयनित 108 परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ाई शुरू नहीं हो सकी है। हर ब्लाक में पांच-पांच और स्कूल अंग्रेजी माध्यम से संचालित किए जाने हैं लेकिन विभाग अभी तक इनको तय ही नहीं कर पाया है।
बेसिक शिक्षा परिषद की सचिव रूबी सिंह ने 10 मई को हर ब्लाक में पांच-पांच विद्यालयों के चयन का आदेश जारी किया था। 15 जून तक अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों, इनके लिए शिक्षकों का चयन करने के बाद चयनित शिक्षकों को पांच दिवसीय प्रशिक्षण दिलाना है। एक जुलाई से अंग्रेजी माध्यम के इन स्कूलों में कक्षाएं चलनी हैं।
लेकिन बेसिक शिक्षा विभाग अभी तक विद्यालयों का चयन ही नहीं कर पाया है। अभी इस सूची के आधार पर शिक्षकों से आवेदन मांगे जाने हैं। उनकी लिखित एवं मौखिक परीक्षा कराई जानी है। विभाग की ढिलाई के अलावा कुछ शिक्षक नेता भी विद्यालयों के चयन में रोड़ा अटका रहे हैं। अंग्रेजी माध्यम से संचालित होने के लिए मानकों पर खरे उतर रहे कई स्कूलों को वह बाहर रखना चाहते हैं। वह नहीं चाहते कि विद्यालय में तैनात स्टाफ बदला जाए।