डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय
केंद्र सरकार ने गरीब सवर्णों के लिए 10 फीसदी आरक्षण का एलान करते हुए उच्च शैक्षणिक संस्थानों के कोर्स में सीटें बढ़ाने की बात कही थी। लेकिन इसका लाभ इस शैक्षिक सत्र में मिलने की उम्मीद कम नजर आ रही है।
अब तक केंद्र सरकार ने आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में 10 फीसदी सीट बढ़ोत्तरी के लिए नोटिफिकेशन नहीं भेजा है, जबकि एक मई से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इस विश्वविद्यालय से 1103 कॉलेज संबद्ध हैं।
एक मई से प्रवेश प्रक्रिया के लिए वेब रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएंगे। इसके बाद परीक्षा शुल्क भरवाते हुए फार्म भरवाए जाएंगे। केंद्र सरकार की ओर से गरीब सवर्णों के लिए 10 फीसदी सीट वृद्धि का नोटिफिकेशन में देरी होने पर गरीब सवर्ण छात्र इसका लाभ नहीं उठा पाएंगे।
तो नहीं मिल पाएगा आरक्षण
विश्वविद्यालय प्रशासन भी असमंजस की स्थिति में है, अगर प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद नोटिफिकेशन आया तो छात्रों को पर्याप्त समय नहीं मिल पाएगा। उस वक्त तक अधिकांश विद्यार्थी सीटें फुल होने पर अन्य संस्थानों में प्रवेश पा लेते हैं।
एक मई से प्रवेश के लिए वेब रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा। केंद्र सरकार से गरीब सवर्णों के लिए विश्वविद्यालय के विभिन्न कोर्स में 10 फीसदी सीट वृद्धि का अभी नोटिफिकेशन नहीं आया है। जैसे ही नोटिफिकेशन आएगा, सीट वृद्धि का आर्डर जारी करते हुए प्रवेश कराया जाएगा।- डॉ. अरविंद दीक्षित, कुलपति, विश्वविद्यालय
विश्वविद्यालय से संबद्ध कालेजों में सीटों की स्थिति
बीए : 226000
बीएससी : 234000
बीएससी कृषि : 2300
बीकॉम : 43600
बीकाम वोकेशनल : 360
एमए : 35600
एमएससी : 9600
एमएससी कृषि : 700
एमकॉम : 3200
बीएएलएलबी : 2700
एलएलबी : 3300
एलएलएम : 100
एमएड : 800
बीएड : 1000
आवासीय संस्थानों में सीटों की स्थिति
एमएससी बॉटनी: 1300
एमएससी जूलॉजी: 1300
एमएससी गणित : 3500
एमएससी रसायन विज्ञान : 3000
एमएससी भौतिक विज्ञान : 1500
एमएससी कृषि : 700