वित्त वर्ष 2024-25 में छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति से वंचित रहे छात्र-छात्राओं को आवेदन का दूसरा मौका मिलेगा। 27 से 31 अक्तूबर तक उनके लिए दोबारा पोर्टल खुलेगा। शनिवार को यह बात प्रमुख सचिव पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण सुभाष चंद शर्मा ने कलेक्ट्रेट में समीक्षा के दौरान कहीं।
प्रमुख सचिव सुभाष चंद्र शर्मा ने बताया कि वित्त वर्ष 2024-25 में सामान्य, पिछड़ा, अनुसूचित, अल्पसंख्यक सभी श्रेणी के छात्रवृत्ति से वंचित छात्र दोबारा आवेदन कर सकते हैं। वर्ष 2025-26 में शैक्षिक संस्थानों के डाटा फीडिंग की प्रमुख सचिव ने समीक्षा की। पोर्टल पर 517 संस्थान फीड मिले।
मास्टर डाटा के अनुसार संख्या कम होने पर प्रमुख सचिव नाराज हुए। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी को शत प्रतिशत डाटा फीडिंग के निर्देश दिए। कक्षा 9 से 10 तक 32534, कक्षा 11 से 12 तक 31096 आवेदन प्राप्त हुए हैं। प्रमुख सचिव ने 25 नवंबर 2025 तक सभी आवेदनों का सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं।
छात्रवृत्ति व शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए अग्रसारित आवेदनों की संख्या कम मिलने पर भी प्रमुख सचिव नाराज हुए। प्रमुख सचिव ने सभी शैक्षिक संस्थानों में छात्रवृत्ति योजना का प्रचार और समय से भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। बैठक में डीएम अरविंद मल्लप्पा बंगारी, सीडीओ प्रतिभा सिंह, विवि रजिस्ट्रार डॉ. अजय मिश्रा, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी राजेश प्रकाश आदि मौजूद रहे।