आगरा। एनएसयूआई ने छात्र समस्याओं पर डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में बुधवार को जोरदार प्रदर्शन किया। छात्र नेताओं ने कुलसचिव कार्यालय के बाहर घंटों तक नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। घंटों चले प्रदर्शन के बाद छात्र नेताओं की कुलसचिव से वार्ता हुई। उन्हें दो सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। इसमें आगामी सेमेस्टर परीक्षाओं में स्वकेंद्र परीक्षा प्रणाली लागू करने और बीए एलएलबी और एलएलबी में अनुत्तीर्ण छात्रों को पुनर्परीक्षा का अवसर देने की मांग उठाई गई, ताकि प्रभावित छात्रों का शैक्षणिक भविष्य सुरक्षित रह सके।
कुलसचिव ने आश्वासन दिया कि इस संबंध में कुलपति और परीक्षा नियंत्रक से चर्चा कर ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। एनएसयूआई के विश्वविद्यालय अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने कहा कि एक-दो दिन के भीतर परीक्षा प्रणाली के संबंध में निर्णय लिया जाए। ऐसा नहीं होने पर विश्वविद्यालय स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष सतीश सिकरवार, जिला उपाध्यक्ष अनिल सूर्यवंशी, अनमोल यादव, अर्जुन पंडित, कुलदीप सिकरवार, प्रदीप कर्दम, रोहित भगेल, मुकुल सहित आदि छात्र नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।