डा. बीआर अंबेडकर विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के मतदान केदौरान बवाल हो गया। पहले एबीवीपी और एनएसयूआई के नेता आपस में भिड़े। इसमें एक का सिर फूट गया। इसके बाद पुलिस आई तो उससे उलझ गए।
विज्ञापन
पुलिस ने लाठी चलाने में देर नहीं की। छात्र-नेताओं को दौडा़-दौडा़कर पीटा। जो सामने पड़ा, उसी पर जोर से लाठी पड़ी। उसी समय पहुंचे समाजवादी छात्र सभा के नेता भी लाठीचार्ज की चपेट में आ गए। तीनों संगठनों के कुल मिलाकर दस छात्र नेता लाठी लगने से घायल हुए हैं।
बवाल 12 बजे शुरू हुआ। मतदान का रुझान एबीवीपी के पक्ष में था। इस संगठन के नेता उत्साह से भरे थे। अति उत्साह में एनएसयूआई के कार्यालय की तरफ चल दिए। आरोप है कि वहां झंडे उखाड़ दिए। एनएसयूआई ने इसका विरोध किया।
विज्ञापन
छात्र संघ चुनाव
- फोटो : अमर उजाला
इस पर दोनों आमने सामने हो गए। झंडों को उखाड़कर निकाले गए डंडे उनके बीच चलने लगे। तभी एक डंडा एनएसयूआई के शिवम जादौन के सिर पर लगा। वह लुहुलाहन हो गया। बस फिर क्या था। एनएसयूआई वालों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
आरोप है कि उन्होंने एबीवीपी के झंडे उखाड़ने, पोस्टर फाड़ने शुरू कर दिए। दोनों संगठनों के बीच झड़प चल ही रही थी कि पुलिस पहुंच गई। इसी दौरान किसी ने एक पत्थर पुलिस की ओर उछाल दिया।
छात्र संघ चुनाव
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस वाले भी तैश में आ गए। लाठी उठाई और छात्र नेताओं पर बरसा दी। वे भागने लगे, तो पीछा किया। कोई गिर गया, तो भी तरस नहीं आया। उसे जमीन पर ही पीटा। बवाल का पता चलने पर इसी दौरान सपा छात्र सभा के नेता पहुंच गए। पुलिस नॉन स्टॉप लाठी चला रही थी।
वे भी चपेट में आ गए। एबीवीपी नेताओं का कहना है कि उनके संगठन के अमित दिवाकर, गौरव रजावत, शशांक भदौरिया और राहुल आर्य घायल हुए हैं। एनएसयूआई नेताओं का कहना है कि उनके जिलाध्यक्ष आलोक यादव, शहर अध्यक्ष निर्वेश शर्मा और शिवम जादौन समेत कई नेता घायल हुए हैं।
एनएसयूआई के नेताओं का कहना है कि उनके संगठन का नेता फिरोज खान इस चुनाव के लिए जम्मू - कश्मीर से आया हुआ था। भाजयुमो के नेता उस पर कश्मीर में गौकशी में शामिल होने का आरोप लगा रहे थे। वह मतदान से पहले ही वापस चला गया था। एबीवीपी और भाजयुमो नेता उसकी तलाश में एनएसयूआई कार्यालय पहुंचे थे। वह नहीं मिला तो तोड़फोड़ शुरू कर दी।
मामले में एएसपी श्लोक कुमार का कहना है कि छात्र संघों के बीच आपस में टकराव हुआ था। इसमें एक छात्र के सिर में चोट आई। आपस में भिड़ रहे छात्र संगठनों को पुलिस ने अलग अलग किया। इस दौरान हलका बल प्रयोग किया गया। इससे किसी को चोट नहीं आई है। इस मामले में किसी भी ओर से तहरीर नहीं मिली है।