कापियों के गायब दो बंडल मानसिक आरोग्यशाला (मदिया कटरा रोड) के पास झाड़ियों में ट्रांसफार्मर के पास से बरामद किए गए। गायब हुए बंडलों में 403 विद्यार्थियों की कापियां थीं, लेकिन बरामद बंडल में 15-16 कापियां ज्यादा मिली हैं। यह कहां से आईं? इस बारे में चालक कुछ भी नहीं बता सका। उसे जेल में दाखिल कर दिया गया।
सिकंदरा क्षेत्र में रहता है छात्र नेता
पुलिस की पूछताछ में आरोपी डॉक्टर और देवेंद्र ने एक छात्र नेता का नाम लिया है। वह सिकंदरा क्षेत्र का रहने वाला है। गैंग का सरगना वही है। उसके संपर्क में कई छात्र से लेकर एजेंट भी हैं। छात्र नेता ही परीक्षा में नंबर बढ़ाने का ठेका लेता था। एजेंट छात्रों को लाते हैं। बीएएमएस के छह विषयों की परीक्षा में पास कराने के लिए तीन लाख तक में ठेका ले रहा था। उसके गैंग में चार से पांच लोग और हैं। पुलिस सभी की तलाश में लगी है।
स्कैन कर बनाते हैं एक ही सीरीज की कॉपी
थाना हरीपर्वत पुलिस के मुताबिक, कापियां बदलने वाला बड़ा गैंग हैं। कापियां केंद्र से उठाने से लेकर बदलने तक के काम में कई लोग जुड़े हैं। टेंपो चालक केंद्र से कापी उठाने के बाद गैंग को देता है। जिस छात्र की कापी बदली जानी है, उसे निकाल लेते हैं। इसके बाद टेंपो चालक छलेसर कैंपस में कापियां जमा कर देता था। मगर, लिखापढ़ी में पूरी कापियां दर्शाते थे। गैंग उसी सीरीज की दूसरी कापी स्कैन करके तैयार करते हैं। प्रिटिंग प्रेस कापी छपवा ली जाती है। कापी पर उत्तर लिखकर टेंपो चालक ही दूसरे दिन कैंपस में पहुंचा देता था।
एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि कापियां बदलने वाले गैंग के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली हैं। साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगी है।