सत्यनाराण धाम में हाईस्कूल के छात्र ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सीआईएसएफ में तैनात रहे पति के असमय दुनिया छोड़ने के बाद इकलौते बेटे की मौत ने मां को झकझोर दिया। दिवाली पर आस का दीपक बुझ गया। मां के रुदन ने पड़ोसियों का कलेजा भी कांप उठा। वह बार-बार कहतीं कि पति के बाद मेरा यही तो सहारा था और बेसुध हो जातीं। पड़ोसी उन्हें संभालने का प्रयास कर रहे थे।
तोरा स्थिति सत्यनारायण धाम निवासी भावना विश्वास के पति मुकुल कुमार सीआईएसएफ में तैनात थे। पति की मृत्यु के बाद भावना मृतक आश्रित कोटे में नौकरी करके अपने बेटे कृष्ण कुमार (16) और बेटी खुशी (20) का पालन-पोषण कर रही थीं। पुलिस के अनुसार, दिवाली की रात कृष्ण कुमार ने कमरे में लगे पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह मां बेटे को जगाने पहुंची तो उसे लटका देखकर बेहोश होकर गिर पड़ी। बेटी की चीखपुकार पर पहुंचे पड़ोसी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत्यु घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया। खुशी ने बताया कि भाई प्रतिदिन की तरह अपने कमरे में सोने चला गया। वह मां के साथ दूसरे कमरे में सो गई। रात में किसी वक्त कृष्ण ने यह कदम उठाया। वह हाईस्कूल का छात्र था। एकता थाना प्रभारी का कहना है कि आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। जांच की जा रही है।