आगरा। खेरिया एयरफोर्स स्टेशन के आसपास के इलाके में सुरक्षा घेरा कड़ा किया जा रहा है। पुलिस की गश्त तो बढ़ेगी ही, किराएदारों का सत्यापन भी होगा। पहले भी आसपास के घरों की चेकिंग की गई थी। स्थानीय खुफिया इकाई (एलआईयू) भी नजर बनाए हुए है।
खेरिया एयरफोर्स स्टेशन के तकनीकी क्षेत्र में दो महीने पहले पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस लिखा हवाई जहाज की आकृति का गुब्बारा मिला था। सफेद और हरे रंग के 60.34 सेंटीमीटर लंबाई वाला गुब्बारा बिना हवा के पड़ा था। इस पर उर्दू में भी लिखा हुआ था। एयरफोर्स की टीम ने जांच के बाद यह गुब्बारा पुलिस को सौंपा था। मामले में एलआईयू, एटीएस और आईबी ने जांच की थी, थाना शाहगंज पुलिस भी पड़ताल में लगी थी।
स्टेशन के सहायक सुरक्षा अधिकारी शालिंदर सिंह ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने आशंका जताई थी कि गुब्बारा गैस से भरा होगा। वह कहीं से उड़ाया गया और स्टेशन परिसर में गिर गया। पुलिस की जांच के बाद भी नहीं पता चला कि गुब्बारा कहां से आया और किसने उड़ाया था? इस मामले में जांच जारी है। उधर, सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने एयरफोर्स स्टेशन के आसपास के इलाके की सुरक्षा कड़ी कर दी है। आवासीय इलाके में रहने वाले लोगों का सत्यापन किया जा रहा है।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि एयरफोर्स स्टेशन क्षेत्र थाना शाहगंज की सराय ख्वाजा और वायु विहार चौकी क्षेत्र में आता है। क्षेत्र में लगातार पुलिस की सुरक्षा रहती है। लोगों को सत्यापन किया जा रहा है। गुब्बारे मिलने के मामले में जांच अभी जारी है।