करहल में ब्लॉक सभागार में ग्राम प्रधान एवं प्रधानाध्यापकों के लिए ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। कस्बा में मंगलवार को शिक्षा के अधिकार के तहत सर्व शिक्षा अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम प्रधान, स्थानीय प्राधिकारी, निकाय, एवं प्रधानाध्यापकों की एक दिवसीय ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी हुई। इसमें उन्मुखीकरण कार्यशाला का भी आयोजन हुआ। ब्लॉक सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधानों एवं प्रधानाध्यापकों को शॉल उड़ाकर और माला पहनाकर किया गया।
मुख्य अतिथि एसडीएम नीरज द्विवेदी ने शिक्षा और स्थानीय विकास के महत्व पर कहा कि ग्राम स्तर पर शिक्षा को सशक्त बनाना प्राथमिकता है। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रधानाध्यापकों और ग्राम प्रधानों की सहभागिता अनिवार्य है। खंड विकास अधिकारी नवनीत गौतम ने कहा, शिक्षा के साथ-साथ ग्रामीण विकास का सीधा संबंध है। इस संगोष्ठी का उद्देश्य शिक्षा और विकास को एक साथ जोड़कर गांवों को आत्मनिर्भर बनाना है।
खंड शिक्षा अधिकारी उदय नारायण कटियार ने कार्यक्रम के दौरान कहा, प्रधानाध्यापकों को चाहिए कि वे अपने विद्यालयों में बच्चों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहें। कार्यक्रम का संचालन सतेंद्र प्रताप सिंह और ओम नारायण तिवारी ने किया। इस दौरान विजयपाल सिंह, हरगोविंद सिंह, अमरीश, हरेंद्र, शिवनंदन, आलोक, रेखा यादव, आदर्श जैन, नजमा परवीन, सरिता यादव, प्रवीण दुबे, दीपक दीक्षित मौजूद रहे।