मथुरा की एक पॉश कॉलोनी में आवारा कुत्तों ने तीन वर्षीय बच्चे पर हमला कर दिया। तीन कुत्ते करीब आधे मिनट तक उसे नोंचते और घसीटते रहे। घायल बच्चे को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दिल दहलाने वाली यह घटना सीसीटीवी में कैद हुई है।
मथुरा-वृंदावन रोड पर स्थित शिवबालानाथ नगर शहर की पाश कालोनियों में शुमार है। इस कालोनी में रहने वाले अमित मित्तल सराफा का कारोबार करते हैं। बुधवार दोपहर को तकरीबन साढ़े 11 बजे उनका ढाई साल का बेटा आराध्य घर के बाहर खेल रहा था।
इसी दौरान कुत्तों का झुंड सड़क पर पहुंचा। आराध्य भी कुत्तों को देख उनकी तरफ बढ़ा। अचानक कुत्तों ने बच्चे पर हमला कर दिया। आराध्य को जमीन पर गिरा लिया और कई जगह नोंच लिया। यह पूरी घटना मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।