ताजगंज मे बैरियर पर रोकी गई कलशयात्रा और रथ।
- फोटो : अमर उजाला
आगरा। ताजमहल के पूर्वी गेट स्थित पाठक प्रेस बैरियर पर श्रीमद्भागवत कथा वाचक का रथ रोक दिया गया। ताजगंज में निकाली गई कलश यात्रा में कथावाचक रथ पर सवार थे, जिन्हें बैरियर से आगे नहीं जाने दिया गया। सभी श्रद्धालु दशहरा घाट तक पैदल ही गए। आयोजन के बाद ताजगंज व्यापार मंडल के साथ जाकर लोगों ने डीएम से इस मामले में शिकायत की।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजेश राठौर ने कलेक्ट्रेट में ज्ञापन देकर मांग की कि भविष्य में किसी भी धार्मिक आयोजन के दौरान गुरुजनों के रथ, बग्घी और कलश यात्रा को बैरियर पर न रोका जाए। जिलाधिकारी ने मामले में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने का आश्वासन दिया। राठौर ने बताया कि शिव महापुराण, श्रीमद्भागवत कथा और श्रीराम कथा जैसे धार्मिक आयोजनों में कथा वाचक परंपरागत रूप से बग्घी या रथ पर सवार होकर कलश यात्रा के साथ दशहरा घाट तक जाते हैं। इससे पहले कभी भी धार्मिक यात्राओं को नहीं रोका गया।
डीजल-पेट्रोल वाहनों पर है केवल रोक
राठौर ने बताया कि ताजमहल के 500 मीटर दायरे में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर केवल डीजल और पेट्रोल वाहनों पर ही रोक है। श्रीराम कथा के दौरान कथा वाचक गुरुजन जिस रथ पर सवार थे, वह घोड़े खींच रहे थे। ताजगंज में तांगों का संचालन होता रहा है और उन पर कभी रोक नहीं लगाई गई। इससे व्यापारियों और श्रद्धालुओं में रोष है।