कासगंज। शुक्रवार देर रात बारिश की फुहार संग आई तेज आंधी से जीआरपी बैरक पर एक पेड़ टूटकर गिर गया। पेड़ गिरने की तेज आवाज सुनते ही सभी 12 पुलिसकर्मी बाहर निकल आए। इसके अलावा कई क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति भी बाधित हो गई।
शुक्रवार शाम से ही बादल छाने लगे। रात 9 बजे के बाद हल्की बारिश शुरू हो गई। देर रात तेज आंधी आ गई। इससे नवाबगंज फीडर, रेलवे फीडर, नमैनी फीडर सहित कई अन्य जगह की आपूर्ति बाधित हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों की आपूर्ति बिल्कुल ठप हो गई। शनिवार दोपहर के बाद बिजली आई। उधर तेज आंधी में प्लेटफॉर्म नंबर पांच के बार बनी जीआरपी बैरक पे नीम का बड़ा पेड़ गिर गया। गनीमत यह रही कि बैरक धंसी नहीं। हादसे के समय 12 पुलिसकर्मी बैरक में मौजूद थे।
लगातार दो दिन आंधी से बागवान परेशान
लगातार दो दिन तेज आंधी आई इससे बागवान परेशान हैं। आम का फल टहनी से टूटकर जमीन पर गिर रहा है। इससे बागवानों को लगातार नुकसान हो रहा है । फल पूरी तरह तैयार है ऐसे में आंधी ने मुसीबत बढ़ा दी है। कई बागवानों ने तो आम तोड़ने की शुरूआत कर दी है। क्योंकि आंधी से टूटने वाला फल जमीन पर गिरकर खराब हो रहा है। इसलिए वे स्वयं ही सतर्कता के बीच आम तोड़ रहे हैं।
- आंधी से जीआरपी बैरक की छत पर एक पेड़ टूटकर गिरा जीआरपी कर्मी बाल बाल बच गए। पेड़ काफी पुराना था। पूर्व में रेलवे के अधिकारियों को पत्र लिखकर इस पेड़ को कटवाने की सिफारिश की गई थी। - सोनू राजोरा, इंस्पेक्टर, जीआरपी।