आगरा में शुक्रवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई। नामनेर में पेड़ और दीवार गिरने से एक रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि अलग-अलग हादसों में सात लोग घायल हुए हैं। तूफान के कारण कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, मकानों को नुकसान पहुंचा और शहर के कई हिस्सों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही।
आगरा में शुक्रवार शाम आई आंधी और तेज बारिश ने शहर से ग्रामीण इलाकों तक भारी तबाही मचाई। दर्जनों पेड़ धराशायी हो गए और दीवारें ढह गईं। रकाबगंज थाना क्षेत्र के नामनेर में एक रिक्शा चालक की दीवार के मलबे में दबकर मौत हो गई। अलग-अलग हुए हादसों में सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तूफान के कारण कई इलाकों में बिजली के खंभे टूटने से विद्युतापूर्ति भी ठप हो गई।
विज्ञापन
आंधी के दौरान शहर के नामनेर चौराहे के पास एक स्कूल की दीवार के सहारे लगा विशाल पेड़ अचानक भरभराकर गिर गया। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि बारिश और तूफान से बचने के लिए एक रिक्शा चालक और एक राहगीर स्कूल की दीवार के पास खड़े हुए थे। पेड़ गिरने से स्कूल की दीवार भी ढह गई और दोनों मलबे में दब गए।
डिवाइडर पर चढ़ गई कार
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से दोनों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां करीब 60 वर्षीय रिक्शा चालक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उसकी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, मलबे में दबे घायल व्यक्ति की पहचान मयूर विहार मलपुरा निवासी अजीज उर्फ मिर्जा के रूप में हुई है। फिलहाल उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
उधर, फतेहाबाद क्षेत्र के गांव ईधौन में भी आंधी-बारिश ने कहर बरपाया। यहां एक घर के पास लगा नीम का पेड़ मकान पर गिर गया। हादसे के वक्त घर में खाना बना रही नीरज, राजकुमारी, बेटी काजल, उषा देवी और अर्जुन मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से मशक्कत कर सभी को मलबे से बाहर निकाला और फतेहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया। कस्बा फतेहाबाद के गांधी चौक पर नगर पंचायत का लगाया लाइट का खंभा टूटकर विद्युत केबल पर जा टिका। इसके अलावा तहसील रोड पर बाइक से जा रहे बेगमपुर निवासी ब्रह्मलाल भी पेड़ गिरने से जख्मी हो गए। निबोहरा के नहरे का पुरा गांव में भी एक मकान पर नीम का पेड़ गिर गया, जिससे भारी नुकसान हुआ है।