ईशन नदी पुल पर किसान नेताओं का पुतला फूंकने जा रहे दिव्यांग समिति के पदाधिकारियों को रोकती पुलिस
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। लाल किला पर हिंसक प्रदर्शन करने वालों का समर्थन करने वाले नेताओं का पुतला फूंकने से पहले ही पुलिस ने भाजपा दिव्यांग समिति के जिलाध्यक्ष को रोक लिया। पुलिए उन्हें जीप में बैठाकर कोतवाली ले गई। बाद में, पुतला नहीं फूंकने की बात कहकर जिलाध्यक्ष को छोड़ दिया गया।
भाजपा दिव्यांग समिति के जिलाध्यक्ष राममोहन मिश्रा अपने कुछ सहयोगियों के साथ सोमवार को ईशन नदी पुल पर पहुंचे और गणतंत्र दिवस पर किसान आंदोलन की आड़ में हिंसक प्रदर्शन करने वालों पर कार्रवाई की मांग की। कहा कि घटना बेहद शर्मनाक है। कहा कि हमले में घायल पुलिसकर्मियों को फूलमाला पहनाकर वह सम्मानित करेंगे।
इसके बाद वह हिंसक प्रदर्शनकारियों का समर्थन करने वालों का पुतला फूंकने की तैयारी में थे। इधर, पुतला फूंकने की सूचना पर पुलिस पहुंच गई और पुतला फूंकने से पहले ही जिलाध्यक्ष को जीप में बैठाकर कोतवाली ले आई। यहां इंस्पेक्टर ने दिव्यांग समिति के जिलाध्यक्ष से पुतला आदि न फूंकने की बात कही। इसके बाद जिलाध्यक्ष को कोतवाली से जाने दिया गया।