आगरा में आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए यमुना किनारे अभियान चलाने गई नगर निगम टीम पर पशुपालकों ने पथराव कर दिया। इसमें ट्रक चालक को पत्थर लगा, जिससे वह घायल हो गया। ट्रक अनियंत्रित हो जाने से कार से टकरा गया। इसमें कार क्षतिग्रस्त हो गई और दोपहिया वाहन चालक भी घायल हो गया। नगरनिगम कर्मचारियों ने इस घटना की तहरीर थाना छत्ता में दी है।
नगर निगम के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि नगरनिगम की टीम बृहस्पतिवार अपराह्न 4 बजे से यमुना किनारे पर अभियान चला रही थी। यहां यमुना में नहा रही भैंसों को पकड़ना शुरू किया। 20-25 भैसों को ट्रक में चढ़ा दिया और वहां से रामबाग की ओर जाने के निकले। सड़क पर आते ही आस्था सिटी सेंटर के पास पशुपालकों ने टीम को घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया। अचानक पथराव होने से कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई। वे वाहनों में बैठकर वहां से जाने लगे।
इसी बीच एक ट्रक चालक को पत्थर लगा, जिससे उसका ट्रक अनियंत्रित होकर वहां से गुजर रही एक कार से टकरा गया। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। उधर से गुजर रहे अन्य वाहन चालक भी चपेट में आ गए। मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले पथराव करने वाले वहां से भाग गए। डाॅ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि कुछ लोगों को कर्मचारियों ने पहचान लिया है। उनके खिलाफ थाना छत्ता में तहरीर दी जा रही है।
ये भी पढ़ें - टूट रही रिश्तों की डोर: सात महीने में 10 हत्या, दिल दहला देंगी पति, ससुर और बेटे के कातिल बनने की ये वारदातें
आठ बार हो चुका हमला, प्रवर्तन दल का पता नहीं
यमुना में भैसों के नहाने पर रोक है। नगरनिगम के कर्मचारी यहां से भैंस पकड़ते हैं तो आठ बार उन पर हमला हो चुका है। निगमकर्मियों में इस घटना से दहशत है। नगरनिगम का प्रवर्तन दल भी है, पर वह पशु चिकित्सा विभाग के साथ कार्रवाई में नहीं जाता।